एकमा स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था पर भड़के विधायक धूमल सिंह, सुधार नहीं होने पर दी कार्रवाई की चेतावनी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: एकमा के विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह ने एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की लचर व्यवस्था को देखकर विधायक काफी नाराज नजर आए। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि अस्पताल की स्थिति चिंाजनक है और मरीजों को समुचित स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी को एक सप्ताह का समय देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो सभी संबंधित कर्मियों का अन्यत्र स्थानांतरण कराने की अनुशंसा की जाएगी।
विधायक ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र की अव्यवस्था में बड़े पदाधिकारियों की भी भूमिका प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद कई महिलाओं ने भी विधायक को स्वास्थ्य केंद्र की समस्याओं से अवगत कराया। महिलाओं ने इलाज, दवा और चिकित्सकीय सुविधाओं में हो रही परेशानियों की जानकारी दी, जिस पर विधायक भड़क उठे और तत्काल सुधार का निर्देश दिया।
एकमा प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि बच्चा सिंह ने भी स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति पर नाराजगी जताई और प्रभारी को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आम लोगों को बेहतर सुविधा मिलनी चाहिए, लेकिन यहां की स्थिति इसके विपरीत दिखाई दे रही है। विधायक का यह स्वास्थ्य केंद्र का दूसरा दौरा बताया जा रहा है, जिससे स्पष्ट है कि क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर जनप्रतिनिधियों की चिंता लगातार बढ़ रही है।
निरीक्षण के दौरान विपिन सिंह, विसूत्री के प्रखंड अध्यक्ष सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों ने भी अस्पताल की समस्याओं को लेकर विधायक के समक्ष अपनी बातें रखीं और जल्द सुधार की मांग की।

