कौशल विकास से युवाओं को मिलेगा रोजगार, छपरा में आयोजित हुई एक दिवसीय कार्यशाला
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को समाहरणालय सभागार, छपरा में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना एवं मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना (CM-Pratigya) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य जिले के युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना था।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं का सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की पहल का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए निजी क्षेत्र के उद्यमियों एवं नियोक्ताओं को योजनाओं के पोर्टल पर ऑनबोर्ड करना आवश्यक है, ताकि युवाओं को प्रशिक्षण एवं इंटर्नशिप के बेहतर अवसर मिल सकें।
जिलाधिकारी ने जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (DRCC) की टीम को निर्देश देते हुए कहा कि वे गांव-गांव जाकर युवाओं को मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना और प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक युवा इन योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।
कार्यशाला में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को 6 से 9 माह की अवधि के लिए प्रतिमाह ₹9,000 की सहायता राशि तथा ₹6,000 की एकमुश्त जॉइनिंग सहायता की जानकारी दी गई। वहीं मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के अंतर्गत 12वीं पास, आईटीआई, डिप्लोमा एवं स्नातक युवाओं को ₹4,000 से ₹6,000 तक स्टाइपेंड देने तथा जिले से बाहर इंटर्नशिप करने पर अतिरिक्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी साझा की गई। इसके अलावा राष्ट्रीय प्रशिक्षुता प्रोत्साहन योजना (NAPS) के तहत उद्योगों में ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग एवं सरकारी वित्तीय सहायता की भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला में बिहार कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक मनीष शंकर, समन्वयक संजय कुमार, सहायक निदेशक नियोजन भरत जी राम, नियोजन पदाधिकारी पिंकी भारती सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि, जिले के प्रमुख नियोजक, कौशल विकास केंद्रों के संचालक एवं अन्य संबंधित हितधारक उपस्थित रहे।
#Chapra #Saran #SkillDevelopment #YouthEmployment #InternshipScheme #CMPratigya #Bihar #SelfReliance #Workshop #NAPS

