कर्मचारियों ने भरी हुंकार, 20 मई को विश्वविद्यालय चक्का जाम की चेतावनी
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी :जयप्रकाश विश्वविद्यालय प्रक्षेत्र अंतर्गत सभी अंगीभूत एवं अल्पसंख्यक महाविद्यालयों के कर्मचारियों द्वारा बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर चलाए जा रहे राज्यव्यापी चरणबद्ध आंदोलन के तहत गुरुवार को धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कर्मचारियों ने अपनी 15 सूत्री मांगों एवं विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर सामूहिक रूप से कलमबंद हड़ताल करते हुए सरकार एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
आंदोलन के दौरान कर्मचारियों ने वर्षों से लंबित शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की वरीयता सूची निर्धारण कर प्रोन्नति देने, सहायक कर्मियों को 4600 ग्रेड-पे लागू करने, पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने, दैनिक वेतनभोगी एवं आउटसोर्स कर्मियों का नियमितीकरण करने तथा विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों में रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति करने जैसी प्रमुख मांगों को प्रमुखता से उठाया।
प्रक्षेत्रीय सचिव अभिषेक कुमार ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसके कारण आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से तेज किया जा रहा है। वहीं प्रक्षेत्रीय अध्यक्ष हरिहर मोहन ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार एवं विश्वविद्यालय प्रशासन ने शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की तो आगामी 20 मई 2026 को विश्वविद्यालय मुख्यालय पर व्यापक प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का चक्का जाम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आंदोलन में सभी महाविद्यालयों के कर्मचारियों की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी रही, जिससे आंदोलन को व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ है। महासंघ के नेताओं ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

