गेंद खेलने के विवाद में चाकूबाजी, तीन युवक घायल
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के कोपा नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत कोपा बाजार स्थित वार्ड संख्या-02 में गुरुवार की सुबह गेंद खेलने के विवाद को लेकर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट और चाकूबाजी हो गई। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों में संतोष कुमार सिंह, बिक्की सिंह तथा शनि कुमार सिंह शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही कोपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा। कोपा थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि सभी घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार हेतु छपरा रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच गेंद खेलने को लेकर करीब एक सप्ताह पूर्व भी विवाद और मारपीट हुई थी। उसी विवाद को लेकर गुरुवार को फिर तनाव बढ़ गया और मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस एहतियात के तौर पर इलाके में निगरानी कर रही है।
#Saran #Chhapra #Kopa #CrimeNews #BiharNews #KnifeAttack #LocalNews #BreakingNews
