सिसवन में प्रतिभा सम्मान समारोह, मेधावी छात्र-छात्राओं को मिला प्रोत्साहन
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के घुरघाट मठिया स्थित एक निजी आईटीआई परिसर में वी केयर फाउंडेशन के तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान समारोह सह विद्यार्थी प्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की भागीदारी से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक वी केयर फाउंडेशन के संस्थापक विकास गोस्वामी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है और निरंतर मेहनत एवं लगन से ही जीवन में लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए लगातार प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का संचालन फाउंडेशन के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अरविंद आनंद ने किया। उन्होंने छात्रों को अनुशासन, समय प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की अहमियत बताते हुए जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी।
इस अवसर पर गौतम भारती, शंकर गिरी, रिंकू उपाध्याय, तनु तिवारी, देवेंद्र तिवारी, उपेंद्र भारती, सुनील मिश्रा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को आगे बढ़ने और अपने क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया।
Siswan Student Event, Talent Honour Bihar, V Care Foundation Program, Student Motivation, Education News Saran

