मनरेगा में गड़बड़ी के आरोप पर सिसवन में भाजपा का धरना, जांच की मांग तेज
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के गंगापुर पंचायत में मनरेगा कार्यों में कथित अनियमितता को लेकर मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनरेगा कार्यालय के गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। धरने का नेतृत्व बीस सूत्री अध्यक्ष सह भाजपा मंडल अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने किया, जिसमें कई कार्यकर्ता शामिल होकर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया।
धरना पर बैठे कार्यकर्ताओं में रविंद्र सिंह, संजय सिंह, डॉ. जयराम यादव, विजेंदर सिंह समेत अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक मनरेगा के तहत कराए गए विभिन्न कार्यों जैसे कैटल शेड निर्माण, पोखरा खुदाई और वृक्षारोपण में बड़े पैमाने पर अनियमितता हुई है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों में पंचायत के पीआरएस, पीटीए एवं संबंधित पदाधिकारियों की संलिप्तता की आशंका है।
संजीव कुमार सिंह ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पहले ही मनरेगा पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर जांच की मांग की थी। साथ ही कराए गए कार्यों की सूची उपलब्ध कराने का आग्रह भी किया गया था, लेकिन अब तक न तो कोई सूची उपलब्ध कराई गई और न ही जांच प्रक्रिया शुरू की गई। इसी के विरोध में कार्यकर्ताओं को धरना देने के लिए बाध्य होना पड़ा।
कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस संबंध में मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी पवन कुमार ने कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों की नजर अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।
Siswan MGNREGA Issue, BJP Protest Saran, Panchayat Corruption Allegation, Rural Development Bihar, Saran News

