स्वास्थ्य विभाग की पहल: किशोरियों को लगा सर्वाइकल कैंसर रोधी टीका
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड में सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर आज विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके तहत किशोरियों को टीकाकरण के साथ-साथ जागरूक भी किया गया। इस अवसर पर मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 26 किशोरियों को Gardasil vaccine का टीका लगाया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार ने बताया कि यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है और अब इसका केवल एक डोज ही पर्याप्त माना गया है। उन्होंने किशोरियों को जागरूक करते हुए कहा कि यह वैक्सीन एचपीवी संक्रमण से होने वाली गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करती है और समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और इसका कोई दुष्प्रभाव नहीं है। मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में यह वैक्सीन निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि बाजार में इसकी कीमत काफी अधिक है। उन्होंने 14 से 15 वर्ष की सभी किशोरियों से इस टीके को अवश्य लगवाने की अपील की।
डॉ. अंजनी कुमारी ने भी कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं को संबोधित करते हुए सर्वाइकल कैंसर के खतरे और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह टीकाकरण अभियान किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस मौके पर दर्जनों स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे और उन्होंने छात्राओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।
HPV Vaccine Manjhi, Cervical Cancer Awareness Bihar, Girls Vaccination Program, Saran Health News, Gardasil Vaccine

