नशा मुक्त सारण अभियान में बड़ी कार्रवाई, 1076 लीटर अवैध शराब बरामद, 2 गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सारण द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार “नशा मुक्त सारण” अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी कर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस दौरान कुल 1076.12 लीटर अवैध शराब, एक पिकअप वाहन और एक मोटरसाइकिल जब्त करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
इसुआपुर थाना क्षेत्र में मद्य निषेध इकाई, पटना से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम हकारपुर में छापेमारी की गई, जहां तलाशी के दौरान बसवारी से कुल 624 लीटर स्प्रिट बरामद किया गया। वहीं शामकौड़िया बाजार में कार्रवाई के दौरान सुधीर कुमार को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 0.72 लीटर अंग्रेजी शराब एवं एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। इस संबंध में इसुआपुर थाना कांड संख्या 127/26 एवं 128/26 के तहत मामला दर्ज कर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
गरखा थाना क्षेत्र में भी गुप्त सूचना के आधार पर हकमा मोड़ के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन को जब्त किया गया, जिसमें से 401.4 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। हालांकि वाहन चालक एवं अन्य व्यक्ति पुलिस को देखकर फरार हो गए। इस मामले में गरखा थाना कांड संख्या 435/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कोपा थाना क्षेत्र में बलडीहा पुल के पास वाहन जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से 50 लीटर देशी शराब बरामद की गई। इस संबंध में कोपा थाना कांड संख्या 95/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सुधीर कुमार (महुली, थाना तरैया) एवं राजा साह (इनायतपुर, थाना दाउदपुर) शामिल हैं। पुलिस द्वारा जब्त सामानों में 674 लीटर देशी शराब, 402.12 लीटर विदेशी शराब, एक पिकअप, एक मोटरसाइकिल एवं एक फास्टैग शामिल है।
सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।
Saran Police Action, Liquor Seizure Bihar, Nashamukt Saran Campaign, Police Raid Chapra, Bihar Prohibition Law

