“नशा मुक्त सारण” अभियान में बड़ी कार्रवाई, 452.16 लीटर शराब बरामद, 11 गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे “नशा मुक्त सारण” अभियान के तहत सारण पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। 18 अप्रैल 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान कुल 452.16 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसमें 236.20 लीटर देशी शराब और 215.96 लीटर विदेशी शराब शामिल है। इस कार्रवाई में कुल 11 शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके विरुद्ध संबंधित थानों में बिहार मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस द्वारा की गई इस संयुक्त कार्रवाई में विभिन्न थानों की सक्रिय भूमिका रही। रिविलगंज थाना क्षेत्र से 215.96 लीटर विदेशी शराब के साथ एक आरोपी, नगर थाना से 100 लीटर देशी शराब के साथ एक, माँझी थाना से 50 लीटर, पानापुर से 20 लीटर, दिघवारा से 20 लीटर, इसुआपुर से 10 लीटर, एकमा से 10 लीटर, डोरीगंज से 10 लीटर, गरखा से 9 लीटर (तीन आरोपी) तथा रसूलपुर थाना क्षेत्र से 7.20 लीटर शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस ने छापेमारी के क्रम में दो मोटरसाइकिल और तीन टोटो भी जब्त किए हैं।
सारण पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि “नशा मुक्त सारण” अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Saran police action, Liquor seizure Bihar, Nasha Mukt Saran, Bihar prohibition law, Police raid news

