मेधावी छात्रों का सम्मान, दरख्शा खातून बनीं प्रेरणा की मिसाल
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: बिहार बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित करने के उद्देश्य से शनिवार को नरपलिया में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली दरख्शा खातून को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनकी सफलता की कहानी ने न सिर्फ कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावुक किया, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी।
माँझी इंटर कॉलेज से पढ़ाई करने वाली मोहम्मद मतीन आलम की पुत्री दरख्शा खातून ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत और लगन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने बताया कि उनके पास न तो महंगे कोचिंग की सुविधा थी और न ही अत्याधुनिक संसाधन, लेकिन उन्होंने इन अभावों को कभी अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और परिवार के सहयोग के दम पर उन्होंने अपने लक्ष्य को हासिल किया। दरख्शा का सपना एमबीबीएस की पढ़ाई कर डॉक्टर बनना है, ताकि वे भविष्य में गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान जनता सेल्फ स्टडी लाइब्रेरी के संचालक सह समाजसेवी फैजान आलम ने बताया कि उनकी लाइब्रेरी से जुड़े कई छात्रों ने इस वर्ष शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि दर्जनों बच्चों ने 12वीं में 400 से अधिक अंक प्राप्त किए, वहीं 10वीं कक्षा में भी करीब 15 छात्रों ने 400 से अधिक अंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए सभी मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मोहम्मद मतीन आलम, सैफ रहमान, मंसूर अहमद, अफजल खान, सैफुल्लाह खान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
Manjhi toppers news, Bihar board result 2026, Student felicitation Bihar, Daraksha Khatoon topper, Education news Saran

