माँझी में स्कूटी से शराब तस्करी का भंडाफोड़, 40 लीटर देशी शराब के साथ एक गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी थाना क्षेत्र के महम्मदपुर स्थित मेरौडी देवी मंदिर के पास माँझी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देशी शराब के साथ एक कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक स्कूटी भी जब्त की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रसूलपुर थाना क्षेत्र के बेनौत गांव निवासी स्वर्गीय दूधनाथ राम के पुत्र जडू राम के रूप में की गई है। बरामद शराब की मात्रा करीब 40 लीटर बताई जा रही है।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार शस्त्र बल के साथ गश्ती पर थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि रसूलपुर की ओर से एक व्यक्ति स्कूटी पर शराब लेकर महम्मदपुर की तरफ आ रहा है। सूचना के आधार पर मेरौडी देवी मंदिर के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया।
वाहन जांच के दौरान स्कूटी सवार पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान स्कूटी में छिपाकर रखी गई देशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने शराब लाने और सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं।
इस मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
Manjhi news, Saran liquor seizure, Bihar police action, Desi sharab case, Mahammadpur incident
#BiharNews #Manjhi #LiquorSeizure #PoliceAction #Saran #BreakingNews

