चुनाव प्रचार के लिए कोलकाता रवाना हुए सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, सत्ता परिवर्तन का किया दावा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल अपने निजी आवास जलालपुर से कोलकाता में चुनाव प्रचार के लिए रवाना हो गए। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने दावा किया कि इस बार कोलकाता की जनता बदलाव के मूड में है और आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब रही है और जनता अब इससे उबरना चाहती है।
सांसद सिग्रीवाल ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लगातार चुनावी प्रचार के बाद माहौल पूरी तरह भाजपा के पक्ष में बन चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी इस बार भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
इस मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार में जुटने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान दर्जनों समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने सांसद को शुभकामनाएं दीं।

