07 अप्रैल को सारण में दिशा बैठक, विकास योजनाओं की होगी व्यापक समीक्षा
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से 07 अप्रैल (मंगलवार) को समाहरणालय सभागार में दिशा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक की अध्यक्षता सारण सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री Rajiv Pratap Rudy करेंगे, जबकि महाराजगंज सांसद Janardan Singh Sigriwal सह-अध्यक्ष के रूप में मौजूद रहेंगे।
बैठक में जिले के सभी जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है, जिसमें सोनपुर विधायक बिनय कुमार सिंह, छपरा विधायक छोटी कुमारी, मढ़ौरा विधायक जितेंद्र राय, अमनौर विधायक मंटू सिंह सहित अन्य विधायक एवं विधान पार्षद शामिल होंगे। इसके अलावा जिला पदाधिकारी Vaibhav Srivastava, पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार तथा विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी, अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
यह बैठक दो सत्रों में आयोजित होगी, जिसमें प्रथम सत्र प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक केंद्र प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा को समर्पित रहेगा। वहीं द्वितीय सत्र दोपहर 2:30 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगा, जिसमें राज्य सरकार एवं प्रखंड स्तर पर संचालित योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन और चुनौतियों पर गहन चर्चा की जाएगी।
बैठक के दौरान पंचायत राज, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, बिजली, सड़क, रेलवे, शहरी विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों की योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। साथ ही जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत एवं प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की स्थिति का भी सूक्ष्म आकलन होगा। पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा के साथ-साथ नई योजनाओं और आवश्यक प्रस्तावों पर भी विचार किया जाएगा।
सांसद रूडी ने कहा कि दिशा समिति की यह बैठक विकास कार्यों की गति बढ़ाने, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी, जहां जनहित को केंद्र में रखते हुए ठोस निर्णय लिए जाएंगे।
Saran Disha meeting, Rajiv Pratap Rudy news, Saran development meeting, government schemes review Bihar, district administration Saran

