मंदिर चोरी कांड का खुलासा: मां दुर्गा के आभूषण बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
सारण (बिहार): सहाजितपुर थाना क्षेत्र के मौंजगोवा गांव स्थित जरती मईया स्थान मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी किए गए सामान भी बरामद कर लिए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 04 अप्रैल 2026 की दोपहर अज्ञात चोरों द्वारा मंदिर परिसर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा से त्रिशूल, धनुष-बाण और गदा चोरी कर ली गई थी। घटना को लेकर 05 अप्रैल 2026 को सहाजितपुर थाना में कांड संख्या-101/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सहाजितपुर थाना पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर त्वरित कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने बनियापुर थाना क्षेत्र के धोवबल निवासी मुन्ना शर्मा (पिता- कमल शर्मा) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी किए गए चांदी जैसे त्रिशूल, गदा और धनुष-बाण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई में सहाजितपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।
सारण पुलिस ने एक बार फिर यह स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

