फर्जी IAS बनकर 34.74 लाख की ठगी: पति-पत्नी गिरफ्तार, VIP गाड़ी से रचते थे साजिश
मधेपुरा (बिहार): फर्जी अधिकारी बनकर ठगी करने वाले गिरोह का मधेपुरा पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने खुद को उच्च पदस्थ अधिकारी बताकर सरकारी ठेका दिलाने के नाम पर 34 लाख 74 हजार रुपये की ठगी की थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधेपुरा पश्चिमी बायपास रोड वार्ड संख्या-09 निवासी नारायण यादव ने 08 फरवरी 2026 को सदर थाना में आवेदन देकर बताया कि वर्ष 2025 में सिंहेश्वर में आयोजित एक भव्य सत्संग कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात सन्नी कुमार राय से हुई थी। उस समय सन्नी कुमार राय एक महिला के साथ VIP गाड़ी में मौजूद था, जिस पर “बिहार सरकार, प्रधान सचिव सह मिशन निदेशक” का बोर्ड लगा हुआ था। उसने महिला को अपनी पत्नी बताते हुए उसे आईएएस अधिकारी के रूप में प्रस्तुत किया और खुद को उसका बॉडीगार्ड बताया।
बातचीत के दौरान सन्नी कुमार राय ने वादी को सरकारी ठेका दिलाने का झांसा दिया और विभिन्न माध्यमों से उससे 34.74 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। जब वादी को कोई ठेका नहीं मिला तो उसने पैसे वापस मांगे। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर उसका मोबाइल भी छीन लिया और फरार हो गया।
इस मामले में सदर थाना कांड संख्या-151/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सन्नी कुमार राय अपनी पत्नी श्रद्धांजलि देवी को फर्जी आईएएस अधिकारी बनाकर लोगों को ठगता था और अपनी चार पहिया गाड़ी (BR-01HN-4786) पर फर्जी बोर्ड लगाकर विश्वास पैदा करता था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पटना से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र के अंगिया गांव निवासी सन्नी कुमार राय (पिता-दिलीप राय) एवं उसकी पत्नी श्रद्धांजलि देवी के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बिहटा थाना क्षेत्र के दौलतपुर बिलापटोला में रह रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन और एक एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मधेपुरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी और आम लोगों से अपील की है कि ऐसे फर्जीवाड़े से सतर्क रहें।

