माँझी में नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज, रोमांचक मुकाबलों में बंगरा व हरनारायण छपरा की जीत
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: जिले के माँझी नगर पंचायत क्षेत्र के हरदेव यादव कन्या उच्च विद्यालय स्थित खेल मैदान में डिफेंस प्रीमियर लीग सीजन क्रिकेट क्लब द्वारा नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन चकिया गांव निवासी एवं शहीद जेपी यादव की पत्नी सोनी देवी ने फीता काटकर किया, जिससे कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
उद्घाटन के बाद खेले गए पहले लीग मैच में रिविलगंज और बंगरा की टीम आमने-सामने हुई, जिसमें बंगरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रिविलगंज को पराजित कर जीत हासिल की। वहीं दूसरा मुकाबला माँझी और हरनारायण छपरा के बीच खेला गया, जो बेहद रोमांचक रहा और अंततः सुपर ओवर में हरनारायण छपरा की टीम विजेता बनी।
इस नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं, जिससे क्षेत्र में खेल को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। मैच के दौरान अंपायर की भूमिका लक्ष्मण यादव और रंजीत कुमार ने निभाई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सोनी देवी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के समय में खेल का महत्व बहुत अधिक है। खेल से न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास भी होता है और बच्चों में अनुशासन की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलते हुए अपने जिले और देश का नाम रोशन करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान प्रमोद यादव, अंजनी शर्मा, धर्मेंद्र यादव, अमित शर्मा, धर्मा यादव, राहुल यादव, रोशन यादव, नागेंद्र ठाकुर और संतोष शर्मा सहित सैकड़ों खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

