दोहरी मौत से पसरा मातम, शोक जताने पहुंची महिला की हार्ट अटैक से मौत
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी थाना क्षेत्र के मेंहदीगंज गांव में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। पड़ोसन की मौत की खबर सुनकर शोक जताने पहुंची एक महिला की भी हार्ट अटैक से मौके पर ही मौत हो गई, जिससे गांव में मातम का माहौल छा गया।
बताया जाता है कि मेंहदीगंज निवासी शत्रुघ्न चौधरी की पत्नी गीता देवी को चार दिन पहले ब्रेन हैमरेज होने के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना ले जाया गया था, जहां बुधवार की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतका का शव जैसे ही गांव पहुंचा, परिजनों के रोने-बिलखने से पूरा माहौल शोक में डूब गया।
इसी बीच मोहल्ले में शोक की खबर सुनकर पड़ोसन कौशल्या कुंअर, जो स्वर्गीय श्याम सुंदर महतो की पत्नी थीं, मृतका के घर पहुंचीं। बताया जाता है कि वहां का दर्दनाक माहौल देखकर उन्हें गहरा सदमा लगा और लौटने के क्रम में ही उन्हें हार्ट अटैक आ गया। घर पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
एक ही दिन गांव में दो महिलाओं की असामयिक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे हुए हैं।

