सारण: ज्वेलरी लूट कांड का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, आभूषण व बाइक बरामद
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से 5.3 ग्राम सोने जैसा आभूषण, एक मोटरसाइकिल, नगद राशि एवं अन्य सामान भी बरामद किया है। इस कार्रवाई से इलाके में अपराधियों के खिलाफ सख्ती का संदेश गया है।
जानकारी के अनुसार 6 अप्रैल 2026 को रिविलगंज थाना में एक आवेदन प्राप्त हुआ था, जिसमें वादी ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे अज्ञात अपराधियों द्वारा उनकी दुकान से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए कांड संख्या 205/26, धारा 304 BNS के तहत प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित जांच शुरू की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर रिविलगंज थाना पुलिस ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी की। इस दौरान घटना में संलिप्त समीर और रेहान उर्फ कबीर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी के आभूषण खरीदने वाले स्वर्ण व्यवसायी सुधीर कुमार को भी आभूषण के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कुल 5.3 ग्राम सोने जैसा आभूषण, 1730 रुपये नगद एवं दो लाइटर बरामद किए हैं। पुलिस अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मोतिहारी निवासी सुधीर कुमार, उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के समीर एवं रेहान उर्फ कबीर शामिल हैं। छापेमारी दल में रिविलगंज थाना के थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
Revelganj Loot Case, Saran Police Action, Chapra Crime News, Bihar Police Arrest, Jewelry Theft Case

