महिला की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के चैनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। बुधवार की सुबह जब परिजनों और ग्रामीणों ने कमरे में महिला का शव फंदे से लटका देखा तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया और घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही चैनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका की पहचान गांव निवासी लगन महतो की पत्नी चंदा देवी के रूप में हुई है।
घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

