अखंड अष्टयाम का समापन, दो ब्यासों के बीच आज दुगोला का महा मुकाबला
सारण (बिहार) संवाददाता बिट्टू कुमार यादव: माँझी प्रखंड क्षेत्र के मटियार पंचायत अंतर्गत जैतिया गांव स्थित प्रसिद्ध जहरी माई स्थान पर आयोजित 24 घंटे का अखंड अष्टयाम समापन के साथ धार्मिक उत्साह चरम पर पहुंच गया है। इस आयोजन के समापन के अवसर पर गुरुवार, 2 अप्रैल को भव्य दुगोला महा मुकाबला कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसे लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मटियार पंचायत के पूर्व मुखिया पति जयप्रकाश महतो ने जानकारी देते हुए बताया कि अखंड अष्टयाम की पूर्णाहुति के बाद पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत दुगोला का महा मुकाबला कराया जाएगा। इस मुकाबले में छपरा जिले के प्रसिद्ध ब्यास भीम लाल यादव और सिवान जिले के चर्चित ब्यास आगम चौहान के बीच कड़ा मुकाबला होगा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है।
धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा के इस संगम को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है। जहरी माई स्थान पर होने वाला यह कार्यक्रम न केवल आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि क्षेत्रीय लोक संस्कृति और परंपरा को भी जीवंत करने का कार्य करेगा।

