गोबरही शिव शक्ति धाम में मंदिर निर्माण कार्य तेज, छह करोड़ की लागत से बन रहा भव्य धाम
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड के गोबरही पंचायत स्थित गोबरही शिव शक्ति धाम मंदिर में निर्माण कार्य इन दिनों तेज गति से जारी है। मंदिर निर्माण को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और दूर-दराज के श्रद्धालुओं का सहयोग भी लगातार मिल रहा है, जिससे कार्य में और तेजी आई है।
मंदिर निर्माण के संयोजक अजय सिंह ने बताया कि नव निर्मित मंदिर के कार्यों में अब स्पष्ट तेजी देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से इस भव्य मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है, जो आने वाले समय में क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक केंद्र बनेगा।
अजय सिंह ने आगे जानकारी दी कि मंदिर निर्माण के लिए चंदा जुटाने का सिलसिला लगातार जारी है और समाज के विभिन्न वर्गों से लोगों का सहयोग मिल रहा है। मंदिर के गर्भगृह में पांच प्रकार की प्रमुख मूर्तियां स्थापित की जाएंगी, जिनमें राम दरबार, राधा-कृष्ण, बालाजी, जगन्नाथपुरी तथा मां दुर्गा की प्रतिमाएं शामिल होंगी।
इस अवसर पर विजय सिंह, सुनील सिंह, प्रमोद सिंह, अरुण कुमार सिंह, डब्लू सिंह, मुकेश गिरी सहित दर्जनों स्थानीय लोग मौजूद रहे और निर्माण कार्य में अपनी सहभागिता निभाई।

