अंबेडकर जयंती पर राजेंद्र कॉलेज की पहल, स्लम बस्ती के 12 बच्चों को लिया गोद
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नगर इकाई द्वारा सामाजिक समरसता दिवस के रूप में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राजेंद्र कॉलेज के समीप स्थित स्लम बस्ती में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को केंद्र में रखते हुए कई महत्वपूर्ण पहल की गईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राजेंद्र कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य प्रो. संजय कुमार ने बस्ती के बच्चों और स्थानीय लोगों को शिक्षा तथा नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जिस प्रकार सूर्य अंधकार को दूर करता है, उसी प्रकार डॉ. अंबेडकर ने सदियों से व्याप्त सामाजिक असमानता और दमन के अंधकार को समाप्त कर समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का प्रकाश फैलाया। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा देने वाले हैं।
इस अवसर पर प्रो. संजय कुमार ने एक सराहनीय पहल करते हुए स्लम बस्ती के 6 छात्र और 6 छात्राओं सहित कुल 12 बच्चों को गोद लेने की घोषणा की और उनके शैक्षणिक विकास की जिम्मेदारी उठाई। उन्होंने कहा कि जब तक समाज के अंतिम पायदान पर खड़े बच्चों को मुख्यधारा से नहीं जोड़ा जाएगा, तब तक समग्र विकास संभव नहीं है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री और मिठाइयों का वितरण भी किया गया, जिससे बच्चों के चेहरे पर खुशी झलक उठी। इस मौके पर कॉलेज के प्राध्यापक डॉ. बेठियार सिंह साहु, डॉ. सुनील प्रसाद, डॉ. गौरव शर्मा, डॉ. निधि कुमारी, डॉ. एकता अग्रवाल, रवि पांडेय, कुशाग्र मिश्रा, अदिति कुमारी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह पहल न केवल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि सामाजिक समरसता और समावेशी विकास का भी सशक्त संदेश देती है।
Ambedkar Jayanti Saran, Rajendra College Chapra, Slum Children Education Bihar, ABVP Program, Social Harmony Event

