पृथ्वी दिवस पर सारण से ‘प्लास्टिक वॉरियर्स’ अभियान की शुरुआत, 5 लाख छात्रों को जोड़ने का लक्ष्य
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: पृथ्वी दिवस 2026 के अवसर पर सारण जिले से एक ऐतिहासिक पर्यावरण जनअभियान की शुरुआत की जा रही है, जो 15 अप्रैल से 31 मई तक पूरे बिहार में संचालित होगा। भारत स्काउट एवं गाइड और EARTHDAY.ORG के संयुक्त सहयोग से चल रहे इस अभियान का उद्देश्य 5000 से अधिक विद्यालयों में 5 लाख “प्लास्टिक वॉरियर्स” तैयार करना है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दिया जा सके।
अभियान के ब्रांड एंबेसडर ऋतुराज ने कहा कि यह पहल बच्चों और युवाओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक कर उन्हें बदलाव का सशक्त माध्यम बनाएगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यदि युवा वर्ग संकल्प ले ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है।
जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) अमन राज ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के तहत पौधारोपण, प्लास्टिक मुक्त अभियान, स्वच्छता जागरूकता और पर्यावरण शिक्षा जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्काउट-गाइड एवं इको क्लब के माध्यम से छात्र-छात्राएं अपने विद्यालयों और समाज में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए स्वच्छ और हरित वातावरण के निर्माण में योगदान देंगे।
“Our Power, Our Planet” थीम पर आधारित यह अभियान सारण जिले में व्यापक जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए एक सशक्त पर्यावरण आंदोलन का रूप लेने की दिशा में अग्रसर है। यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाएगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
Earth Day 2026 Bihar, Plastic Warriors Campaign, Saran Environment Drive, Scout Guide Bihar, Environmental Awareness India

