आय से अधिक संपत्ति मामले में दारोगा अभिषेक रंजन के ठिकानों पर छापेमारी, EOU की बड़ी कार्रवाई
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के पैगा गांव निवासी तथा किशनगंज नगर थाने में तैनात थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को उनकी किशनगंज स्थित सरकारी आवास, नगर थाना परिसर के कक्ष तथा पटना के रामकृष्णा नगर स्थित आवास सहित कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि किशनगंज में नगर थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित उनके आवास और कार्यालय कक्ष में EOU की टीम ने गहन जांच की। इस दौरान टीम द्वारा विभिन्न दस्तावेजों, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य सामानों को खंगाला जा रहा है। कार्रवाई के लिए तीन गाड़ियों से पहुंची छह सदस्यीय टीम में एक महिला अधिकारी भी शामिल है, जो पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रही है।
सूत्रों के अनुसार अभिषेक रंजन के खिलाफ आय से करीब 1 करोड़ 70 लाख 22 हजार रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम इस मामले में हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और दस्तावेजों के आधार पर संपत्ति के स्रोत का सत्यापन किया जा रहा है।
इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एक बड़ी पहल माना जा रहा है। फिलहाल छापेमारी जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो पाएगी।
Abhishek Ranjan Raid, EOU Bihar Action, Kishanganj Police Raid, Disproportionate Assets Case Bihar, Vigilance Bureau

