नए मुख्यमंत्री पर प्रशांत किशोर का तंज, ‘बिहार को गुजरात से चलाने’ का लगाया आरोप
अररिया (बिहार) | 14 अप्रैल 2026
अररिया में आयोजित जन सुराज मीडिया ब्रीफिंग में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बिहार में नए मुख्यमंत्री के चेहरे की घोषणा पर तीखा बयान दिया। उन्होंने बिना नाम लिए मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि ज्ञान की भूमि बिहार को “चाल, चरित्र और चेहरा” का दावा करने वाली भाजपा की ओर से यह पहली सौगात है, जिसमें ऐसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया गया है जिनका चाल, चरित्र और चेहरा तीनों ही चर्चा का विषय होना चाहिए।
प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि यह “नई भाजपा” है, जिसने यह संकेत दे दिया है कि अब बिहार को गुजरात से संचालित किया जाएगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज जो मुख्यमंत्री बनाए गए हैं, उनकी व्यक्तिगत भूमिका से अधिक महत्वपूर्ण यह है कि उनकी “चाबी और रिमोट कंट्रोल” केंद्रीय नेतृत्व, खासकर अमित शाह के पास होगा।
ब्रीफिंग के दौरान उन्होंने रोजगार और पलायन के मुद्दे को भी उठाया और कहा कि वर्तमान व्यवस्था में बिहार के लाखों युवा कम मजदूरी पर काम करने के लिए गुजरात जाने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आने वाले समय में यह स्थिति और गहरी हो सकती है, जहां गुजरात के लोग उद्योगों के मालिक होंगे और बिहार के लोग वहीं मजदूर के रूप में काम करेंगे।
उल्लेखनीय है कि बिहार की राजनीति में हाल ही में हुए बदलावों के बीच सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और विभिन्न दलों के नेताओं द्वारा लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
Prashant Kishor Statement, Bihar New CM News, Samrat Choudhary CM, Jan Suraj Briefing, Bihar Politics 2026

