पृथ्वी दिवस पर “प्रकृति प्रहरी” ई-पत्रिका का ऑनलाइन विमोचन, पर्यावरण संरक्षण का दिया सशक्त संदेश
पटना (बिहार): पटना में पृथ्वी दिवस के अवसर पर “टीचर्स ऑफ बिहार” के तत्वावधान में त्रैमासिक ई-शैक्षिक पत्रिका “प्रकृति प्रहरी” का भव्य ऑनलाइन विमोचन किया गया। 22 अप्रैल 2026 की रात्रि 8 बजे फेसबुक लाइव के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी और पर्यावरण प्रेमी जुड़े, जहां पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक, भागलपुर प्रमंडल अहसन, शिक्षाविद् डॉ. रश्मि प्रभा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी महताब रहमानी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सुजीत कुमार दास सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने पत्रिका की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण जागरूकता के क्षेत्र में एक सार्थक पहल बताया और समाज को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया।
पत्रिका के संपादक अभिषेक कुमार (उत्क्रमित मध्य विद्यालय, गोपालपुर नेउरा, सरैया) हैं, जबकि सह-संपादक के रूप में सिद्धांत जी (फुल्लीडुमर, बांका) एवं आराधना कुमारी (अजीजपुर, सरैया) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस पहल को सफल बनाने में टीचर्स ऑफ बिहार के संस्थापक शिव कुमार, टेक्निकल टीम लीडर शिवेंद्र प्रकाश सुमन और इवेंट लीडर केशव कुमार का विशेष योगदान रहा।
पत्रिका के संकलन एवं डिजाइन का कार्य कुमार अभिषेक एवं उनकी टीम द्वारा किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है। “बिहार में गौरैया का महत्व”, “पेड़-पौधों की दुनिया”, “इको क्लब फॉर मिशन लाइफ” और पुनर्चक्रण पर आधारित बच्चों की प्रेरक कहानियां इस पत्रिका को खास बनाती हैं।
टीचर्स ऑफ बिहार के पदाधिकारियों ने बताया कि “प्रकृति प्रहरी” केवल एक पत्रिका नहीं, बल्कि एक जन-जागरूकता अभियान है, जिसका उद्देश्य हर व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। यह पहल आने वाले समय में पर्यावरण शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Prakriti Prahari, Teachers of Bihar, Earth Day 2026, Environmental Awareness Bihar, Education News
#EarthDay #Environment #Bihar #TeachersOfBihar #EcoAwareness #GreenIndia

