सारण: अनियंत्रित पिकअप ने वृद्ध को कुचला, इलाज के दौरान मौत
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के माँझी थाना क्षेत्र अंतर्गत ताजपुर मुख्य मार्ग पर डुमरी गांव के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में 75 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। बताया जाता है कि अनियंत्रित पिकअप वाहन ने उन्हें कुचल दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक की पहचान डुमरी गांव निवासी देवनाथ प्रसाद के रूप में हुई है। उनके पुत्र कुन्दन प्रसाद ने बताया कि उनके माता-पिता घर के सामने स्थित चापाकल पर हाथ-पांव धो रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर उनके पिता को कुचलते हुए निकल गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को माँझी सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों के अनुसार, बेहतर इलाज के लिए छपरा ले जाने के दौरान रास्ते में ही देवनाथ प्रसाद ने दम तोड़ दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पीछा कर पिकअप वाहन को पकड़ लिया, हालांकि चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर माँझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश जारी है।
Manjhi Accident News, Saran Road Accident, Dumri Village Incident, Bihar Crime News, Pickup Accident

