डीएम की मीडिया ब्रीफिंग में पीएम सूर्य घर योजना पर जोर, सोलर अपनाने की अपील
सारण (बिहार): छपरा के जिलाधिकारी द्वारा आयोजित मीडिया ब्रीफिंग में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, भारत की जनगणना के तहत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान एवं जिले में रसोई गैस की स्थिति को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए लोगों से इस योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों में सोलर पैनल लगाने पर सरकार द्वारा आकर्षक सब्सिडी दी जा रही है। एक किलोवाट क्षमता के लिए 30 हजार रुपये, दो किलोवाट के लिए 60 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट तक के लिए अधिकतम 78 हजार रुपये की सब्सिडी निर्धारित है। उन्होंने बताया कि तीन किलोवाट सोलर सिस्टम लगाने में लगभग 2 से 2.5 लाख रुपये तक की लागत आती है, जिसकी भरपाई उपभोक्ता बिजली बिल में होने वाली बचत से लगभग पांच वर्षों में कर सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि सोलर पैनल की औसत आयु लगभग 25 वर्ष होती है और इसमें वेंडर द्वारा फ्री मेंटेनेंस की सुविधा भी दी जाती है। सारण जिले में करीब 49 हजार ऐसे उपभोक्ता चिन्हित किए गए हैं, जिनकी मासिक बिजली खपत 250 यूनिट से अधिक है। इन्हें इस योजना के संभावित लाभार्थी मानते हुए जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे सोलर ऊर्जा को अपनाकर अपने खर्च में कमी ला सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह योजना न केवल बिजली बिल में बचत का माध्यम है, बल्कि अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस योजना का लाभ उठाकर स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा की ओर अग्रसर हों।
PM Surya Ghar Scheme Bihar, Solar Subsidy India, Saran DM Briefing, Renewable Energy Bihar, Electricity Saving Scheme

