मांझी: आंधी-पानी ने मचाई तबाही, कई जगह पेड़ गिरने से आवागमन ठप
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: बुधवार की शाम आई तेज आंधी-पानी ने मांझी प्रखंड क्षेत्र में भारी तबाही मचाते हुए जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। अचानक बदले मौसम के कारण कई स्थानों पर विशाल पेड़ गिर गए, जिससे प्रमुख सड़कों पर आवागमन बाधित हो गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ताजपुर–सिसवन पथ पर अलीपुर के समीप बांध पर वर्षों पुराना पकड़ी का पेड़ गिरने से घंटों तक आवाजाही ठप रही। वहीं मांझी–बलिया मोड़ के पास सड़क पर गिरे विशाल पेड़ ने यातायात पूरी तरह रोक दिया, जिससे मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसी तरह मांझी–ताजपुर मुख्य मार्ग पर भी परिचालन बाधित रहा और लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा।
ताजपुर–एकमा मुख्य सड़क पर सरयुपार के समीप तेज आंधी के दौरान एक बड़ा पेड़ वाहनों पर गिर गया, जिससे दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पूरी तरह बंद हो गया।
इधर, गोबरही गांव में भी आंधी का असर देखने को मिला, जहां बंधु यादव के दरवाजे पर लगा करीब 100 साल पुराना नीम का पेड़ गिर पड़ा। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा।
प्रशासन की ओर से पेड़ हटाने की प्रक्रिया देर से शुरू होने के कारण लोगों को लंबे समय तक जाम और परेशानी झेलनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द ऐसे अवरोधों को हटाने और आपदा के समय त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
Manjhi News, Storm Damage, Tree Fall, Saran News, Traffic Disruption

