आंधी-पानी का कहर: गोबराही टोला स्कूल के दोनो क्लास रूम उजड़े, पढ़ाई ठप
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के कन्या प्राथमिक विद्यालय, गोबराही टोला में बुधवार को आई तेज आंधी-पानी ने भारी तबाही मचाई, जिसमें विद्यालय के दो मुख्य क्लास रूम पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। यही कमरे बच्चों की पढ़ाई के लिए उपयोग में लाए जाते थे, लेकिन अब उनके उजड़ जाने से शिक्षण कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है और बच्चों के सामने पढ़ाई का संकट खड़ा हो गया है।
प्रधान शिक्षक बी.के. भारतीय ने बताया कि आंधी के कारण विद्यालय की संरचना बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना रात में होने के कारण कोई अनहोनी नहीं हुई, लेकिन अब स्थिति यह है कि बेंच, कुर्सी रखने तक की जगह नहीं बची है। बच्चे विद्यालय आकर भी मजबूरी में खड़े रहने को विवश हैं, जिससे पठन-पाठन बाधित हो रहा है।
विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष व सचिव सहित स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द व्यवस्था बहाल करने की मांग की है, ताकि बच्चों की पढ़ाई दोबारा सुचारू रूप से शुरू हो सके। इस संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों से भी हस्तक्षेप की अपेक्षा की जा रही है।


