जयप्रभा सेतु से युवती ने लगाई छलांग, मछुआरों की सूझबूझ से बची जान
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: यूपी और बिहार को सड़क मार्ग से जोड़ने वाले जयप्रभा सेतु पर शनिवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब एक युवती ने लगभग 50 फीट नीचे सरयू नदी में छलांग लगा दी। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद मछुआरों ने अद्भुत साहस और तत्परता दिखाते हुए डूब रही युवती को बचा लिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। इस घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही युवती ने नदी में छलांग लगाई, पास में मछली पकड़ रहे मछुआरों ने बिना समय गंवाए नाव के सहारे गहरे पानी में पहुंचकर उसे बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित बाहर लाया गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मछुआरों की इस बहादुरी की हर ओर सराहना हो रही है।
सूचना मिलते ही माँझी थाना के अपर थानाध्यक्ष मिथिलेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बेहोशी की हालत में मिली युवती को तुरंत गश्ती वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) माँझी पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उसकी स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
बताया जाता है कि घायल युवती माँझी नगर पंचायत क्षेत्र के मियां पट्टी की निवासी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और युवती के इस कदम के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। समय रहते मछुआरों की तत्परता से एक अनमोल जीवन बच गया, जिसे स्थानीय लोग मानवता की मिसाल मान रहे हैं।
Manjhi news, Jayprabha Setu incident, Saryu river rescue, Bihar breaking news, Girl rescued

