माँझी में बड़ी कार्रवाई, 86 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, तस्कर फरार
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: माँझी थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ताजपुर-एकमा मुख्य मार्ग पर वाहन जांच के दौरान करीब 86 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक भी जब्त की गई, जबकि आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि रविवार को ताजपुर पिकेट प्रभारी एवं पुलिस बल द्वारा नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में एक बोरे से लदी संदिग्ध बाइक पर पुलिस की नजर पड़ी। पुलिस ने जैसे ही बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, वह भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन तस्कर बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस ने बाइक पर रखे बोरे की तलाशी ली, जिसमें कुल 86 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामदगी के बाद बाइक को जब्त कर लिया गया है और उसके मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

