तिलकोत्सव से पहले युवक की मौत, गांव में मातम
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में शनिवार की रात एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में उसके बोरिंग के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार को जहां घर में तिलकोत्सव की खुशियां मनाई जानी थीं, वहीं अचानक अर्थी उठने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और खुशी का माहौल पल भर में मातम में बदल गया।
मृतक की पहचान स्वर्गीय ललन महतो के 38 वर्षीय पुत्र मिथिलेश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शनिवार की रात करीब नौ बजे तक घर नहीं लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान वह अपने बोरिंग के पास बेहोशी की हालत में मिला। ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। रविवार दोपहर जब शव गांव पहुंचा, तो परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, मां और दो मासूम बेटियों को छोड़ गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Manjhi news, Fatehpur death case, mysterious death Bihar, Saran police investigation

