प्रतिभा का सम्मान: बीकेबी हाईटेक स्कूल ताजपुर में छात्रों को मिला गौरवपूर्ण मंच
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड अंतर्गत ताजपुर स्थित बीकेबी हाईटेक स्कूल में प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गुरु वंदना, भक्ति एवं प्रेरणादायक गीतों के साथ हुई। इस दौरान व्यास सुरेश लाल, अशोक सिंह और राम बहादुर यादव सहित अन्य कलाकारों ने शिक्षा और संस्कार से जुड़े गीत प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने वर्तमान समय में शिक्षा के महत्व, उसकी गुणवत्ता और बदलते परिदृश्य पर विस्तार से चर्चा की। समारोह की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक उमेश सिंह ने की, जबकि मंच संचालन शिक्षक विजेंद्र कुमार तिवारी ने किया। इस अवसर पर मांझी प्रखंड के पूर्व उप प्रमुख रामकृष्ण सिंह, उप प्रमुख मनोज सिंह, शिक्षक वीर बहादुर यादव, प्रोफेसर जनार्दन सिंह, अमित कुमार, शैलेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग और अभिभावक मौजूद रहे।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए छात्रों को प्रतिस्पर्धा के इस दौर में निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया। प्रोफेसर जनार्दन सिंह ने व्यावहारिक एवं नीतिगत शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए छात्रों को सरल, नैतिक और अनुशासित जीवन अपनाने की प्रेरणा दी। अन्य वक्ताओं ने भी कहा कि यह भूमि शिक्षा प्रेमियों की रही है और हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत के साथ शिक्षा को आगे बढ़ाना चाहिए।
समारोह का मुख्य आकर्षण रेखा कुमारी रहीं, जिन्होंने बिहार बोर्ड परीक्षा में 480 अंक प्राप्त कर ग्रामीण क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की। उन्हें मंच पर मोमेंटो और उपहार देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा अंकिता कुमारी, प्रियंका कुमारी, खुशबू कुमारी, खुशी कुमारी, विवेक कुमार, अभिषेक कुमार, लवली कुमारी, शिवम मिश्रा, साक्षी कुमारी, मानसी कुमारी और नंदनी कुमारी समेत कई अन्य विद्यार्थियों को भी मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित शिक्षक बी.के. भारतीय ने कहा कि आज की शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसे समझने और जीवन में उतारने की आवश्यकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पढ़ाई रटने की नहीं, बल्कि समझने की होनी चाहिए। अभिभावकों ने भी उनके मार्गदर्शन और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण की सराहना की। वहीं विद्यालय के निदेशक रिंकू भारतीय, प्राचार्य स्वीटी सिंह और शिक्षिका पिंकी कुमारी ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। पूरा कार्यक्रम अत्यंत व्यवस्थित, प्रेरणादायक और सराहनीय रहा, जिसने छात्रों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।

