सिसवन के चैनपुर की पीडीएस दुकान बनी मिसाल, ईमानदारी से मिल रहा ‘हक का अनाज’
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के चैनपुर गांव स्थित जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की एक दुकान इन दिनों पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बनी हुई है। यहां की लाइसेंसधारी विक्रेता सोनी देवी अपने पारदर्शी और जिम्मेदार कार्यशैली के कारण अन्य दुकानदारों के लिए उदाहरण बन गई हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि इस दुकान पर सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा और सही वजन में खाद्यान्न दिया जाता है, जिससे लाभुकों में संतोष का माहौल है।
ग्रामीण बताते हैं कि सोनी देवी न केवल सही मात्रा में राशन देती हैं, बल्कि लाभुकों को उनके अधिकार के प्रति जागरूक भी करती हैं। वह अक्सर कहती हैं, “यह आपका हक है, अधिकार समझकर लीजिए।” यदि कोई लाभार्थी समय पर राशन लेने नहीं पहुंचता, तो वह स्वयं फोन कर उन्हें बुलाती हैं और उनका अनाज सुनिश्चित कराती हैं। इस व्यवहार और पारदर्शिता के कारण अब आसपास के क्षेत्रों के लोग भी इस दुकान की सराहना कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बार अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण भी किया गया, जिसमें हर बार यह पाया गया कि दुकान पर सरकारी मानकों के अनुरूप ही वितरण हो रहा है। सही वजन और गुणवत्ता के साथ खाद्यान्न मिलने से उपभोक्ताओं का भरोसा मजबूत हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि हर दुकानदार इसी तरह ईमानदारी से कार्य करे, तो सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचेगा। सोनी देवी का यह प्रयास ‘हक का अनाज, सम्मान के साथ’ की सोच को साकार कर रहा है और चैनपुर का यह मॉडल पूरे जिले की पीडीएस दुकानों के लिए प्रेरणा बन सकता है।
Siwan PDS shop, Chainpur ration shop, transparent ration distribution, Bihar PDS model

