ATM फ्रॉड गिरोह का खुलासा, 20 हजार की ठगी में धीरज यादव गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र में ATM में हेरफेर कर फर्जी निकासी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धीरज कुमार उर्फ धीरज यादव के रूप में हुई है, जो नगर थाना क्षेत्र के दहियावा टोला का निवासी बताया गया है।
मामला 2 अप्रैल 2026 का है, जब एक व्यक्ति ने बनियापुर थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि वह दोपहर करीब 1 बजे PNB बैंक के ATM पर पैसे निकालने गया था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने चालाकी से ATM मशीन में हेरफेर कर उसके खाते से 20 हजार रुपये की निकासी कर ली।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। बनियापुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए CCTV फुटेज का गहन विश्लेषण किया, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से घटना के समय पहने गए कपड़े (शर्ट, ट्राउजर, चप्पल) और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। इस संबंध में बनियापुर थाना कांड संख्या 283/26 के तहत धारा 318(4) और 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
सारण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ATM का उपयोग करते समय सतर्क रहें, किसी अनजान व्यक्ति की मदद न लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

