भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बोलेरो और बाइक की टक्कर, दो युवकों की मौत
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र के गंजपर गांव के समीप गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक एकमा से मांझी की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान सीवान जिले के गोरियाकोठी निवासी मोनू कुमार (30) और पंकज कुमार (32) के रूप में हुई है। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश के लिए छापेमारी कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर तेज रफ्तार के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उल्लेखनीय है कि 4 अप्रैल को भी इसी क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एसआई ताज अहमद खान की मौत हो गई थी, जिसके बाद से लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई और ट्रैफिक नियंत्रण की मांग कर रहे हैं। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है।

