भीषण अगलगी, बकरी जिंदा जली; अनाज और गृहस्थी का सामान राख
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नयागांव पंचायत के वार्ड संख्या-3 स्थित मधवापुर गांव में शुक्रवार को भीषण अगलगी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के साथ-साथ आग बुझाने में जुट गए।
घटना के दौरान फूलमती कुंवर और कन्हैया महतो के घर को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखा गेहूं, चावल, कपड़े, बर्तन सहित समस्त घरेलू सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। आग इतनी भयावह थी कि घर में बंधी एक बकरी भी जिंदा जलकर मर गई, जिससे पीड़ित परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टी एवं अन्य संसाधनों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था। घटना की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है, वहीं आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और चिंता का माहौल व्याप्त है।

