सारण: एक दिन में दो रसल्स वाइपर मिलने से दहशत, लोगों में अफरा-तफरी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के माँझी नगर पंचायत क्षेत्र में शुक्रवार को महज एक किलोमीटर की दूरी पर दो अत्यंत जहरीले रसल्स वाइपर सांप मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। अचानक एक ही दिन में दो खतरनाक सांपों के दिखने से स्थानीय लोग भयभीत हो गए और आसपास अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
पहली घटना प्रखंड मुख्यालय के समीप की है, जहां मिट्टी लाद रही एक ट्रॉली के पास करीब पांच फुट लंबा रसल्स वाइपर देखा गया। सांप को देखते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोग किसी तरह सुरक्षित दूरी बनाकर स्थिति को संभालने का प्रयास करने लगे।
इसके कुछ ही घंटों बाद दूसरी घटना दुर्गापुर गांव में सामने आई, जहां निवासी आनंद सिंह के केला बगान में करीब सात फुट लंबा दूसरा रसल्स वाइपर दिखाई दिया। भीषण गर्मी के कारण सांपों के अपने बिलों से बाहर निकलने की संभावना जताई जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में खतरा बढ़ गया है।
हालांकि दोनों ही मामलों में स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए लाठी-डंडों के सहारे दोनों सांपों को मार डाला, लेकिन इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि ऐसे मामलों में वन विभाग की टीम को सक्रिय किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से सुरक्षित तरीके से निपटा जा सके।
Manjhi Snake News, Russell Viper Bihar, Saran News, Snake Panic Village, Wildlife Bihar

