टीबी मरीजों के बीच पोषण पोटली वितरण, स्वस्थ हो चुकी महिलाओं को किया गया सम्मानित
यक्ष्मा मरीजों को सहायता देना ही नहीं, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाना इसका मुख्य उद्देश्य: डॉ अल्का सिंह
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: अंतर्राज्यीय सामाजिक संस्था ठाकुर बाड़ी महिला विकास कल्याण समिति द्वारा यक्ष्मा (टीबी) उन्मूलन के क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से सराहनीय कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को शहर के साधनापुरी स्थित समिति के शाखा कार्यालय में टीबी मरीजों के बीच पोषण पोटली का वितरण किया गया। संस्था की ओर से मरीजों को गोद लेकर उन्हें नियमित रूप से पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाता है, ताकि उनके स्वास्थ्य में सुधार हो सके और वे जल्द स्वस्थ हो सकें।
कार्यक्रम के दौरान समिति की संस्थापिका डॉ. अंजू सिंह ने मरीजों को पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने में दवा के साथ-साथ पौष्टिक भोजन भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि संस्था लगातार टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण पोटली प्रदान कर रही है, जिससे उपचार के दौरान आवश्यक पोषण मिल सके और मरीजों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो।
उन्होंने शहर और जिले के लोगों से अपील करते हुए कहा कि टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। यदि किसी व्यक्ति में लगातार खांसी, बुखार या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो उन्हें तुरंत जांच करानी चाहिए, ताकि समय रहते उपचार शुरू हो सके और बीमारी को फैलने से रोका जा सके।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समिति की वरीय सदस्य डॉ. अल्का सिंह ने कहा कि यक्ष्मा जैसी बीमारी से लड़ने में दवा के साथ-साथ पौष्टिक आहार का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य सिर्फ मरीजों को सहायता देना ही नहीं, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाना भी है, ताकि वे बीमारी से हिम्मत के साथ लड़ सकें। उन्होंने समाज के लोगों से इस तरह के मानवीय कार्यों में आगे आकर सहयोग करने की अपील भी की।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर टीबी से उबर चुकी उन युवतियों और महिलाओं को भी सम्मानित किया गया, जो संस्था द्वारा संचालित निशुल्क व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। संस्था प्रमुख डॉ. अंजू सिंह ने उन्हें सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की और कहा कि ऐसे उदाहरण समाज के अन्य लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं।
इस अवसर पर संस्था की संस्थापिका डॉ. अंजू सिंह, डॉ. अल्का सिंह, अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सामाजिक कार्यकर्ता सिस्टर ज्योति, मणि शाही, प्रीति शाही, वरीय पत्रकार धर्मेंद्र रस्तोगी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
TB patients nutrition kit, Chapra TB awareness, TB eradication campaign, nutrition support for TB patients, Thakur Bari Mahila Vikas Kalyan Samiti
#Chapra #TBEradication #HealthAwareness #WomenEmpowerment #BiharNews

