नहर के रास्ते युवक कर रहा था शराब की तस्करी, पुलिस देख हुआ फरार, बाइक के साथ भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: दाउदपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुरा नहर के समीप गुरुवार को पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान 33.14 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान शराब तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक को भी जब्त कर लिया गया। हालांकि पुलिस को देखकर तस्कर मौके का फायदा उठाकर बाइक छोड़कर फरार होने में सफल रहे।
जानकारी के अनुसार दाउदपुर थाना पुलिस को गुरुवार की सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि नहर के रास्ते बाइक से शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने धर्मपुरा नहर के पास वाहन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान एक बाइक से आ रहे युवक को जांच के लिए रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखते ही तस्कर बाइक छोड़कर भाग निकले।
पुलिस ने जब मौके पर छोड़ी गई बाइक की तलाशी ली तो उसमें से करीब 33.14 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इस संबंध में अपर थानाध्यक्ष बिपुल कुमार ने बताया कि फरार तस्करों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

