ईरान-इजरायल युद्ध की आहट से माँझी में रसोई गैस की किल्लत, गैस एजेंसी के बाहर 500 मीटर लंबी कतार और भीड़, पुलिस ने किया कंट्रोल
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: ईरान तथा इजरायल के बीच चल रहे युद्ध के असर की आहट अब ग्रामीण इलाकों में भी महसूस होने लगी है। इसी क्रम में माँझी क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत के कारण उपभोक्ताओं की परेशानियां बढ़ गई हैं। गुरुवार की सुबह महम्मदपुर-रसूलपुर मुख्य मार्ग पर स्थित लक्ष्मण एचपी गैस एजेंसी के सामने करीब पांच सौ मीटर लंबी गैस उपभोक्ताओं की कतार लग गई। लंबी कतार के कारण सड़क पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई और आवागमन प्रभावित होने लगा।
गैस लेने पहुंचे उपभोक्ताओं ने बताया कि वे सुबह चार बजे से ही लाइन में खड़े हैं, लेकिन काफी देर तक गैस की गाड़ी नहीं पहुंची थी। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी संचालक जानबूझकर गैस की कमी दिखा रहे हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं ने कहा कि यदि समय पर आपूर्ति नहीं हुई तो स्थिति और भी विकट हो सकती है।
इधर जानकारों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव और वैश्विक गैस कीमतों में वृद्धि का असर स्थानीय बाजारों पर भी पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में आने वाले दिनों में गैस आपूर्ति और कीमतों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ने लगी है।
सूचना मिलने पर माँझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करते हुए स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास किया। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा शांति बनाए रखने की अपील की।
उधर सारण जिला प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए एक सूचना जारी की है। प्रशासन के अनुसार रसोई गैस का पारदर्शी तरीके से वितरण सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर नियंत्रण रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले की सभी गैस एजेंसियों पर निगरानी के लिए 21 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी संबंधित गैस एजेंसियों के भंडारण और वितरण की प्रतिदिन निगरानी करेंगे तथा इसकी दैनिक रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपेंगे। प्रशासन ने आम लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

