छपरा के साहेबगंज में रेडीमेड दुकानदार ने लाखों की चोरी और धमकी का लगाया आरोप, प्राथमिकी दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
छपरा/सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: स्थानीय नगर थाना क्षेत्र में एक रेडिमेड दुकानदार ने दुकान तोड़कर लाखों रुपये के सामान और नकदी गायब करने तथा धमकी देने का आरोप लगाते हुए नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामला साहेबगंज स्थित भारतीय स्टेट बैंक बाजार ब्रांच गली की बताई जा रही है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार हरिमोहन गली निवासी संजय कुमार की रेडिमेड कपड़ों की दुकान “न्यू अमृत ड्रेसेज” साहेबगंज स्थित भारतीय स्टेट बैंक बाजार शाखा के समीप सागर जायसवाल के मार्केट में किराए पर चलती थी। संजय कुमार का आरोप है कि पहले उनसे मुख्य सड़क किनारे की दुकान खाली करवा दी गई और उसके बदले दक्षिण दिशा में दूसरी दुकान बनवाकर दी गई, जहां वह वर्ष 2021 से अपनी दुकान चला रहे थे। आरोप यह भी है कि हाल के दिनों में मकान मालिक सागर जायसवाल उर्फ सोनू अपने सहयोगियों के साथ दुकान खाली कराने का दबाव बनाने के साथ ही बार- बार धमकी दे रहा था।
संजय कुमार के अनुसार विगत 03 मार्च को वह दुकान में करीब पांच लाख रुपए नकद तथा बिक्री की राशि रख कर घर चले गए थे। होली के बाद 07 मार्च को जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान के सामने ईंट की दीवाल लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया था। साथ ही दुकान की दीवार अंदर से तोड़कर रेडिमेड कपड़ों का लगभग दस लाख रुपए का सामान, नकदी और रैक आदि गायब कर दिया गया हैं। पीड़ित ने सागर जायसवाल पर गाली- गलौज, धक्का- मुक्की और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। इस संबंध में नगर थाने की पुलिस ने स्थल का निरीक्षण करने के बाद आवेदन के आधार पर विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही उक्त मामले की जांच में जुट गई है।

