11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आए दो लोग, मौके पर मौत
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र में बिजली के करेंट से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब घर निर्माण के दौरान लोहे का रॉड ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार से सट गया। तेज करंट की चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल बन गया।
मृतकों की पहचान राजकुमार बीन और उनके ससुर चंद्रिका प्रसाद के रूप में की गई है। बताया जाता है कि घर निर्माण का काम चल रहा था और इसी दौरान लोहे का रॉड ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार से छू गया। करंट इतना तेज था कि दोनों लोग संभल नहीं सके और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। वहीं सूचना पाकर पुलिस भी पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे गांव में मातम का माहौल है।

