प्रभार नहीं सौंपने से स्कूल का काम ठप, दो महीने से एमडीएम बंद
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के एक राजकीय उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय में पूर्व प्रधानाचार्य द्वारा प्रभार नहीं सौंपे जाने के कारण विद्यालय का प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो गया है। स्थिति यह है कि पिछले लगभग दो महीनों से विद्यालय में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना भी बंद पड़ी है, जिससे विद्यालय में पढ़ने वाले करीब 182 छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एमडीएम बंद रहने से बच्चों और अभिभावकों में भी नाराजगी देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि विद्यालय के विकास मद, रंगरोगन, रखरखाव तथा बच्चों के शैक्षणिक परिभ्रमण से संबंधित राशि का भी उठाव नहीं हो पा रहा है। इससे विद्यालय के कई आवश्यक कार्य रुके हुए हैं और शिक्षण व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि प्रशासनिक लापरवाही का खामियाजा सीधे बच्चों को भुगतना पड़ रहा है।
वर्तमान प्रधानाध्यापक अजय कुमार तिवारी ने बताया कि पूर्व प्रधानाचार्य तारकेश्वर पांडेय का स्थानांतरण छपरा जिले में हो गया है, लेकिन उन्होंने अभी तक विद्यालय का प्रभार नहीं सौंपा है। इस संबंध में बीआरसी कार्यालय में दो बार लिखित आवेदन दिया जा चुका है, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
इस मामले में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कुमार अभिषेक ने बताया कि विद्यालय में उत्पन्न स्थिति और अनियमितता की जानकारी वरीय पदाधिकारी को पत्र लिखकर दे दी गई है। उन्होंने कहा कि वरीय अधिकारियों से निर्देश प्राप्त होने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं शिक्षक संघ ने भी इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि विद्यालय का कामकाज सामान्य हो सके।
#Siwan #Siswan #SchoolNews #MDM #EducationNews #BiharEducation #GovernmentSchool #LocalNews #StudentsIssue

