महिला दिवस पर प्रतिभावान महिलाओं का सम्मान, होली मिलन में झूम उठीं महिलाएं
नागपुर (महाराष्ट्र): अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्कर्ष बहुउद्देशीय संस्था एवं आदर्श शिक्षण संस्था के संयुक्त तत्वावधान में तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम में महिला दिवस एवं होली मिलन का रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान शहर की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभावान महिलाओं को अहिल्याबाई होल्कर पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सामाजिक क्षेत्र से वैशाली ढोने, पत्रकारिता के क्षेत्र से ज्योति द्विवेदी, फैशन जगत से समीरा एवं रेखा निमजे, सामाजिक कार्य और आकाशवाणी से जुड़ी श्रद्धा भारद्वाज को सम्मानित किया गया। वहीं आदर्श शिक्षण संस्था की ओर से डॉ. कविता परिहार को भी एबीएस फाउंडेशन की ओर से मोमेंटो, शॉल और पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में होली मिलन का सांस्कृतिक आयोजन हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। कमल शर्मा ने कृष्ण और संगीता बैस ने राधा के रूप में “चल जा रे हट नटखट…” गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। योगिता राउत और वर्षा बरघट ने कृष्ण भक्ति से जुड़े होली गीत गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया, वहीं अर्चना चौरसिया की प्रस्तुति भी सराहनीय रही।
इस दौरान आदर्श शिक्षण संस्था की अध्यक्षा ज्योति द्विवेदी ने महिलाओं को महिला दिवस के अवसर पर सकारात्मक संदेश देते हुए समाज में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। डॉ. कविता परिहार ने महिला सशक्तिकरण पर ओजस्वी कविता सुनाकर सभी का दिल जीत लिया, जबकि रीता देशपांडे ने भी अपनी कविता से कार्यक्रम में साहित्यिक रंग भर दिया।
उत्कर्ष संस्था की अध्यक्ष डॉ. कविता परिहार ने तनिष्क ज्वेलर्स के मैनेजर का शॉल और श्रीफल देकर स्वागत किया, वहीं ज्योति द्विवेदी ने पौधा और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान प्रकट किया। संयोजिका संध्या साहू ने ब्रेन गेम का आयोजन कराया, जिसमें समीरा प्रथम तथा इंदिरा चौहान द्वितीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम में तनिष्क की ओर से आयोजित सरप्राइज “वूमेन डे केक” विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। उपस्थित महिलाओं ने फूलों की होली खेलते हुए गुलाल लगाकर एक-दूसरे को बधाई दी और “रंग बरसे भीगे चुनरवाली” गीत पर झूमकर कार्यक्रम का आनंद लिया। इस अवसर पर मिंटू सरकार, तारा ठाकुर, राजकुमारी, कल्पना निनावे सहित अनेक महिलाएं मौजूद रहीं।

