सिसवन-चैनपुर थाना परिसर में होली को लेकर शांति समिति की बैठक
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड में आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सिसवन-चैनपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष ने की। इसमें जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, समाजसेवी एवं विभिन्न समुदायों के लोग उपस्थित रहे।
बैठक में सिसवन थानाध्यक्ष अशोक कुमार एवं चैनपुर थानाध्यक्ष विजयरंजन कुमार ने कहा कि होली आपसी भाईचारे और प्रेम का पर्व है, जिसे शांति और सद्भाव के साथ मनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह से बचने की अपील की। साथ ही लोगों से कहा गया कि किसी भी तरह की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल थाना को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन की ओर से डीजे बजाने के निर्धारित समय का पालन करने, शराब पीकर हुड़दंग नहीं करने तथा सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट साझा नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि होली के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा गश्ती व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने सभी नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने मिल-जुलकर शांति एवं सौहार्द के साथ होली मनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बीडीओ राजेश कुमार, सरपंच मनोरंजन सिंह, शैलेंद्र तिवारी, अशोक मांझी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

