रामगढ़ उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्व. सुरेंद्र नाथ द्विवेदी की 13वीं पुण्यतिथि मनाई गई
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के रामगढ़ स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में विद्यालय के भूमि दाता स्व. सुरेंद्र नाथ द्विवेदी की 13वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीणों ने उपस्थित होकर स्व. द्विवेदी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने शिक्षा के महत्व को समझते हुए विद्यालय के लिए अपनी भूमि दान कर समाज के समक्ष एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके इस योगदान से क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिला है।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि स्व. द्विवेदी का जीवन सादगी, सेवा और समर्पण का प्रतीक था। उन्होंने शिक्षा को समाज की उन्नति का आधार मानते हुए विद्यालय की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके आदर्श आज भी समाज को प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने एवं शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सहयोग करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पैक्स अध्यक्ष अभिषेक तिवारी, कमलदेव तिवारी, सुरेंद्र तिवारी, राणाप्रताप सिंह, कुंदन कश्यप सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।

