चैनपुर में भाजपा का होली मिलन सह कार्यकर्ता सम्मान समारोह आयोजित
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के चैनपुर गांव में भारतीय जनता पार्टी द्वारा होली मिलन सह कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन ऋषि बाबू के आवास परिसर में धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह (दरौंदा विधायक) सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ। इसके पश्चात नेताओं ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को होली की शुभकामनाएं दीं तथा एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर संगठनात्मक एकता का संदेश दिया। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कर्णजीत सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा से ही पार्टी निरंतर प्रगति कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। नेताओं ने कहा कि होली आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता का पर्व है, जो समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करता है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष संजीव सिंह, अवधेश यादव, देवेंद्र तिवारी, रविन्द्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

