ब्रह्मर्षि साहेब बाबा महामहोत्सव की तैयारियां तेज, 5 जून को पंचकुंडीय महायज्ञ व श्रीराम कथा
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड अंतर्गत 5 जून को आयोजित होने वाले ब्रह्मर्षि साहेब बाबा महामहोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। इस भव्य आयोजन के तहत पंचकुंडीय श्रीसीताराम महायज्ञ एवं श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा।
ब्रह्मर्षि साहेब बाबा धाम परिसर में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में सैकड़ों श्रद्धालुओं एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर देवेंद्र दास (महामंडलेश्वर श्री श्री 1008) ने आयोजन समिति के साथ विचार-विमर्श करते हुए कहा कि महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र में सांस्कृतिक एवं धार्मिक जागरूकता का विस्तार करना है। उन्होंने आमजन से महोत्सव को सफल बनाने हेतु सक्रिय सहयोग की अपील की। साथ ही बताया कि आयोजन के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में उपस्थित लोगों ने आश्वासन दिया कि वे महोत्सव को भव्य एवं सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। आयोजन में दूर-दराज से श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजकों का मानना है कि इस महोत्सव से क्षेत्र में धार्मिक वातावरण सुदृढ़ होगा, सामाजिक एकता को बढ़ावा मिलेगा तथा श्रद्धालुओं को श्रीराम भक्ति का विशेष अवसर प्राप्त होगा।

